(1) मुहर्रम के महीने में सात तारीख को मिट्टी खोदना, आठ और नौ तारीख को ताज़िया बनाकर डंका बजाना, दसवीं तारीख को मिट्टी को बतौर जनाज़ा दफ़न करना, इस्लाम की रौशनी में क्या है? क्या इस्लाम इसकी इजाज़त देता है?
(2) कुछ लोगों का कहना है कि एक बार ताज़िये का जुलूस जा रहा था तो ग़ाज़ीपुर के मौलाना मुहम्मद फसीह साहब ने ताज़िये को इमाम मुहम्मद हुसैन का जनाज़ा समझकर कांधा लगाया था। इसकी वजाहत करें।
(3) कुछ लोगों का कहना है कि ताज़िया बनाने, उठाने, डंका बजाने से उनकी रोज़ी में बरकत होती है। क्या यह बरकत ताज़ियादारी से ही होती है या ख़ुदा की मर्ज़ी से? और अगर वे ताज़ियादारी न करते तो बरकत न होती?
(4) कुछ लोग ताज़िया बनाते थे, मिट्टी खोदते थे और अब उनका इंतकाल हो गया है, ताज़िया नहीं उठता। उनमें से कुछ की माली हालत ख़राब हो गई है । क्या उनकी माली हालत ताज़ियादारी बंद करने की वजह से ख़राब हुई है, या ख़ुदा की मर्ज़ी से?
(5) कुछ लोगों का कहना है कि ताज़ियादारी बंद कर देने से इमाम हसन और इमाम हुसैन का नाम लेने वाला दुनिया में कोई नहीं रहेगा, उनका नाम दुनिया से मिट जाएगा । क्या सचमुच ताज़ियादारी बंद कर देने से उनका नाम दुनिया से मिट जाएगा? क्या उनका नाम लेने वाला कोई दुनिया में नहीं रहेगा? तफ़सील से बयान करें।
(6) जिस महीने में मुहम्मद रसूलुल्लाह ﷺ के नवासे इमाम हुसैन पर मुसीबत आई थी, ख़ानदान के सब मर्द मारे गए थे, छह महीने के अली असग़र प्यास की हालत में तीर के निशाने बने, औरतों की बेहुर्मती हुई । इस महीने में ख़ुशी मनाने, बतौर जनाज़ा ताज़िया बनाने पर मुहम्मद ﷺ के दिल पर क्या गुज़रती होगी? क्या वे ताज़ियादारी करने वालों से ख़ुश होते होंगे, या बद्दुआ देते होंगे? वजाहत फ़रमाएं।
(7) क्या अरब में मुहर्रम में मिट्टी खोदी जाती है? ताज़ियादारी होती है? क्या मिट्टी इमाम हसन-हुसैन का जनाज़ा कहकर दफ़न की जाती है?
बद्रुद्दीन अंसारी, मुकाम व पोस्ट: मढ़ा, वाया: सागर पाली, बलिया
25/ ज़ुल-हिज्जा 1403 हिजरी
(1-7) ताज़ियादारी और ताज़ियादारी से संबंधित तमाम वे रस्में जो सवालों में मज़कूर हैं, नाजायज़ व गुनाह हैं। अब मौलाना फसीह साहब का विसाल हो गया है, इसे कौन बताए कि यह सही है या ग़लत? वे ज़िंदा होते तो उनसे तस्दीक हो सकती थी। यह बिल्कुल झूठ है कि ताज़ियादारी से रोज़ी में बरकत होती है । सैकड़ों ताज़ियादारों को मैंने देखा है कि पूरी ज़िंदगी भीख मांगते ही रहे । यह भी झूठ है कि ताज़ियादारी बंद कर देने से इमाम हसन व हुसैन का नाम लेने वाला कोई नहीं रहेगा । ख़ुलफ़ा-ए-राशिदीन, औलिया-ए-किराम, हज़रत ग़ौसे आज़म, हज़रत ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ رضی اللہ عنہم اجمعین का ताज़िया नहीं उठता, क्या उनके नाम लेने वाले हसनैन करीमैन से कम हैं ? यह भी झूठ है कि ताज़ियादारी ख़ुशी मनाने के लिए की जाती है । किसी चीज़ का हराम होना और बात है और उसके मक़सद को ग़लत रंग देना और बात है । यह वहाबियों, देवबंदियों, गुस्ताख़ाने रसूल की धांधली है कि वे ताज़िये को ख़ुशी मनाने का ज़रिया समझते हैं। मुसलमानों पर लाज़िम है कि ताज़ियादारी बंद कर दें और हज़रत इमामे आली मक़ाम की नियाज़ की सबील लगाएं । उनके ज़िक्र की महफ़िल मुनअकिद करें। उनके नाम ईसाले सवाब व फ़ातिहा व नियाज़ करें । दसवीं मुहर्रम को खिचड़ा पकाकर नियाज़ दिलाएं । واللہ تعالی اعلم
⚠️ نوٹ: شیئر کارڈ میں اردو کے علاوہ دوسری زبان میں تصویر صحیح نہیں آتی، براہِ کرم پی ڈی ایف ڈاؤن لوڈ کیجئے۔